Wednesday, October 28, 2009

खाली है

बगल में कुर्सी डाली है,
शुक्र है अब भी खाली है ।

लिफाफों में बंद कर,
गैर-जिम्मेदार हाथों को,
दे डाले थे नायाब लम्हे,
आज छीन लिए वापिस,
पलों की ज़िन्दगी,
पलों में ज़िन्दगी बचा ली है

जो बीत गया वो फिर नही आता
हर बात का है बहीखाता,
जो तेरा जाएगा,
वो किसी और का नही जाता,
बात तो बढेगी ही,
उम्र भर जो पाली है ।

सच है क्या? सही है क्या?
सफ़ेद रहोगे जो तुम तो,
दुनिया लगती काली है ।

बदल पड़ेंगे रंग सभी,
दुनिया फिर भी काली है,
ये गिरगिट की साली है ।

बगल में कुर्सी डाली है,
शुक्र है अब भी खाली है ।

Wednesday, September 30, 2009

खून लगा है

शजर - ऐ - शौक़ पर खून लगा है ।

फिर कोई मौत हुई है शायद,
फिर टूटी है कोई हिदायत,
अब के शायद जूनून मरा है
शजर - ऐ - शौक़ पर खून लगा है ।

ये वाला किस अरमान का था
ये सिला किस फरमान का था
ये सौदा किसकी जान का था
किसकी झूठी शान का था
किसका ये नाखून लगा है
शजर - ऐ - शौक़ पर खून लगा है ।

काली ठंडक आंखों में थी,
केसर की महक साँसों में थी,
शहेद में लिपटी छुरी हो जैसे,
कसैली मिठास बातों में थी,
सुकून का ख्वाब दिखा कर,
सारा का सारा सुकून ठगा है
शजर - ऐ - शौक़ पर खून लगा है ।

हमने गंवाया है,
ग़म भी हमें नही,
किश्तें भी भरी थी,
मुहाफज़ा भी भरना है
चलो शजर पर कोई रंग तो चढा,
बेरंग सी ये वरना है,
बेहर्फ़ सी थी, कोई मजमून बना है
शजर - ऐ - शौक़ पर खून लगा है ।

Saturday, September 19, 2009

कुछ मासूम सा लिखना है

कुछ मासूम सा लिखना है ।

न शब्दों का खेल हो जिसमें,
बस शब्दों का मेल हो जिसमें,
न आंसू हों, न दुःख,
न मुस्कराहट, न सुख,
न मुश्किल हो समझने में,
न हैरत हो पढने में,
न काग़ज़ पर दाग लगे,
कोरा सा, कागज़ पर जो दिखना है,
कुछ मासूम सा लिखना है ।

न हाला-वाद, न छाया-वाद में पड़े,
न मशाल लिए दुनिया से लड़े,
न उत्थान, न पतन की गाथा,
न क्रांति से हो कोई नाता,
न पढ़ कर उसको कोई बदले,
न वाह-वाही दे कोई उसके बदले,
न कोई खरीदे उसको कभी,
न किसी दाम पर उसको बिकना है,
कुछ मासूम सा लिखना है ।

न भाव हों, न घाव हों,
किसी पर न टिप्पणी कसे वो,
न अनचाहे मनमुटाव हों,
न वाक्यों के नीचे बहते,
आधे अधूरे तनाव हों,
न संकरी हो, न गहरी हो,
न एक बात पर ठहरी हो,
न सच का उस पर दबाव हो,
न बोले वो कुछ भी,
न एक बात पर टिकना है
कुछ मासूम सा लिखना है ।

मेरा उस में कोई अंश न हो,
उसका आदि, मध्य, अंत न हो,
मुझ सा उसमें क्रोध न हो,
उसका आदि, मध्य, अंत न हो,
मुझ सा उस में अहम् न हो,
उसका आदि, मध्य, अंत न हो,
मुझ से उस में भ्रम न हों,
उसका आदि, मध्य, अंत न हो,
न मुझ से निकले, न मुझसे बाहर हो,
कागज़ पर दिखे, मेरे अन्दर हो,
न दुविधा, न असमंजस,
न कल्पना, न नवरस,
परस्पर कोई सम्बन्ध न हो,
बेबस सी, निशब्द न हो,
मुझ सी न दिखे, न चले, न बहे,
मेरे मन की बात वो न कहे,
मेरे दिखावों से परे रहे,
भाव, मुझ से, न मरे रहे,
ख़ुद से न हारे, मन को न मारे,
न चाहे वो सारे तारे,
मुझ सी ही, दिखावे की वो संत न हो,
उसका आदि, मध्य, अंत न हो
भीड़ में अलग न उसको दिखना है,
न किसी दाम पर बिकना है,
न किसी बात पर टिकना है,
बस काम उसका सिर्फ़ इतना है
कुछ मासूम सा लिखना है ।

Saturday, September 12, 2009

मैं

एक अरसे बाद कोई ऐसा मिला था,
जो थोड़ा थोड़ा ही मुझ सा था,
मुझ सा ही गुरूर, थोड़ा कम ज़रूर,
कुछ और था जो एक सा था,
मेरी ही तरह, ख़ुद की खुशी से वो भी जलता था ।

Tuesday, August 25, 2009

कलम

इस बार कलम उठेगी तो

सर कलम हो जायेंगे,
हौंसले सो जायेंगे,
सारे प्रयत्न खो जायेंगे,
दबे पाँव न चलेगी अब ये,
स्याही सी न गलेगी अब ये,
उजले कागज़ पर बार बार
वार वार सा करेगी अब ये,
जड़मति सी रेंगी है,
नया पाठ एक पढेगी अब ये,
तलवार से सच मुच लडेगी अब ये
इस बार कलम उठेगी तो

अखाडों की कसरत रंग लाएगी,
हजारों की हसरत रंग लाएगी,
खूब पिलाई है नीली स्याही,
लिखने से की है सख्त मनाही,
तरसी है सुनने को वाह-वाही,
इस बार जो महफिल सजेगी तो,
इस बार कलम उठेगी तो,

इस पर ऊँगली उठेगी तो,
दुखती रग फिर दुखेगी तो
बिन स्याही कहानी रुकेगी तो,
सच के आगे झुकेगी तो
इस बार कलम उठेगी तो

Monday, August 17, 2009

महाबली

लहर नई एक चली है,
मरियल बाहुबली है,
कनपट्टी पर टेक रखी
बन्दूक की दो नली है
चड्डीयाँ गीली कर जायेगी,
जो लहर नई ये चली है ।

धूल पड़े तमंचों को,
धो धो के तिलक कर लिया,
बहुत हुआ नामुल्कियों से,
हमने मुलक भर लिया,
मल मल के साबुन स्नान किया,
झाग पर पानी छिड़का,
पवित्र अपना स्थान किया,
क्या उखाडा जो मज़हब पर,
ख़ुद को हमने कुर्बान किया?
फर्क पड़ा क्या हमपर,
लाश दफ़न या जली है,
लहर नई एक चली है ।

सन्नाटों पर चिल्लायेंगे,
लात मार कर छुप जायेंगे,
शोर को बांधे डोर,
कोने कूचों में ले जायेंगे,
काट काट के बाँटेंगे,
हर हिस्से को देंगे एक हिस्सा,
जले हुए इतिहास के पन्नों पर,
लौ सा चमकेगा ये किस्सा,
करोड़ों चिताओं के बाद,
आज ये आग लगी भली है,
लहर नई एक चली है ।

बुध माना है ख़ुद को,
टांगें ताने लेटा है,
सोया सोया क्रोध जैसे,
अफीम चढाये बैठा है,
मस्त है, नशे में ये सच उगलेगा,
मुंह से सबके झाग बन,
दूध का चोला ओढ़ उबलेगा,
अंतडियों में रस घोल कर,
पलकों की चढाई बलि है,
लहर नई एक चली है ।

ले डूबेगी, ले डूबेगी,
आवाम के सारे मनसूबे की,
जान पर अब बनी है,
चुपचाप सा रहा, दबा सा था,
आक्रोश को जैसे दम सा था,
खांसेगा तो थूक उडेगी,
इसी बहाने बन्दूक उठेगी,
बहुत समय गोली टली है,
लहर नई एक चली है ।

अचंभित ज़माना रह जायगे,
मुंह खुला कुछ न कह पायेगा,
रक्त जमा न बह पायेगा,
जिंदा जलेंगे, तपन से नस पिघलेगी,
ठंडे खून के प्रायश्चित में,
मुफ्त ही चमड़ी जलेगी,
रोंगटों से शुरुआत करो, ये ज़्यादा मखमली है,
लहर नई एक चली है ।

हर पुराने संदूक की चाबी,
हर अधपकी बात किताबी,
नकचडों की ठाठ नवाबी,
दीवान पर बिखेरो, जला डालो ।
पुरानी चारपाइयों के खीसे,
नए नवेले जूतों के फीते,
पेड़ पर लगे कच्चे पपीते,
दीवान पर बिखेरो, जला डालो ।
देश प्रेम की हर एक कविता,
लंगोट में लंगूरों को नहलाने वाली सरिता
बचीकुची आधी जली हुई चिता,
दीवान पर बिखेरो, जला डालो ।
खाली पड़ी नमकदानी,
भूरी हुई फसल जो धानी,
नानी की हर कहानी,
दीवान पर बिखेरो, जला डालो ।

अब नया बाज़ुबंध चढाये,
ललाट पर चंदन लगाए,
सफ़ेद कफ़न का कवच बनाए,
आंखों की पलकें निकाल,
लहुलुहान सा... उधेड़ के खाल,
दो धारी तलवार लिए,
आया महाबली है,
लहर नई एक चली है
आया महाबली है ।

Sunday, June 28, 2009

जश्न - ऐ- सहराँ

The first 2 lines are written by Garima.

आज मैंने आँखों से पी है, आंखों से बहाई है,
गीले ख्वाबों को न तोड़ने की कसम खाई है ।

अश्कों की उम्मीद में जश्न-ऐ-सहराँ मनाते रहे,
झूठ को सच कहा, सच को झुठलाते रहे
अब ये अश्क न थामेंगे,
न कभी भाप बन उडेंगे,
और न बर्फ बन जमेंगे,
आज इनके आने की खुशी मनाई है ।
गीले ख्वाबों को न तोड़ने की कसम खाई है ।

सींचा है बे मुरव्वत ख्वाबों को,
अनकहे जवाबों को,
बूँद बूँद में नमक चखा है,
हर अश्क का हिसाब बना रखा है,
हर दर्द की गिनती लगाई है,
गीले ख्वाबों को न तोड़ने की कसम खाई है ।

शायद मैं मग़रूर थी,
पर कमली तो मैं ज़रूर थी,
अभी तक तो सिर्फ़ ज़िन्दगी आजमाई है,
साँसों की फकत उम्मीद जताई है,
पर आज सजदा किया, ईद मनाई है,
बरसों बाद, अश्कों में आँखें नहाई हैं,
बस इसी लिए,
आज मैंने आँखों से पी है, आंखों से बहाई है,
गीले ख्वाबों को न तोड़ने की कसम खाई है ।

बरसात

The first two lines are written by my ex-boss Shifa. Credit goes to her!


हम तो समझे थे के बरसात में बरसेगी शराब,
आई बरसात तो बरसात ने दिल तोड़ दिया ।

पैमानों में भर भर रंगीन पानी,
हल्का सा निम्बू निचोड़ दिया,
आई बरसात तो बरसात ने दिल तोड़ दिया ।

चाह लगाए बैठे थे, खो जायेंगे सुरूर में,
धोखेबाज़ बरसात ने उम्मीद का रुख मोड़ दिया,
आई बरसात तो बरसात ने दिल तोड़ दिया ।

मौसिकी के इस मौसम में, यूँ ही नशा रहता है,
उठाया पैमाना और धड़ल्ले से तोड़ दिया,
न बरसी शराब तो न सही,
हमने आज से पीना छोड़ दिया, आज से पीना छोड़ दिया,
आई बरसात तो बरसात ने दिल तोड़ दिया ।

नित्त खैर

नित्त खैर मंगां सोनेया मैं तेरी,
दुआ न कोई होर मंगदी ।
तेरे पैरां च अखीर होवे मेरी,
दुआ न कोई होर मंगदी ।

सानु वस्ल दा, न कोई अरमान वे,
संग तेरे टुर्र गई सी साड्डी जान वे,
तेरी यादांच वसां मैं सजना पूरी,
दुआ न कोई होर मंगदी ।

रंग मेंहदी दा लगदा लहू वे,
तक्का आईना ते लगदा है तू है
मेरी रूह ते है छाप सजना तेरी,
दुआ न कोई होर मंगदी ।

नाम तेरा मेरी पहचान वे,
कोई सद्द दे ते लगदी अजान वे,
तेरे नाम दी मिसरी रहे घोली,
दुआ न कोई होर मंगदी ।

Wednesday, June 24, 2009

लाली

बात बाँध ले आज तू,
रंग कभी न छूटेगा,
जितना बहेगा, उतना खिलेगा,
न बाँट इसे तू पाएगी
मेरे रंग में रंग जायेगी, जित्त देखेगी उत्त पाएगी,
लाली देखन जो आएगी, तू भी लाल हो जायेगी

बदन तूने जो अब तक पाला है,
एक ही पल में रंग डाला है,
न हाथ लगाया न छुआ,
सब नयनों से ही हुआ,
अब घूमेगी छाप लिए,
नाम का मेरे जाप लिए,
न भाले न तीर से मारा,
इस वार से कैसे बच पाएगी,
मेरे रंग में रंग जायेगी, जित्त देखेगी उत्त पाएगी,
लाली देखन जो आएगी, तू भी लाल हो जायेगी ।


घमंड से सब कुछ बोल गया,
दो शब्दों में तोल गया
राज़ गढाए रखा था,
दो बात कही, खोल गया ।

लाली मेरे यार की, जित देखूं उत्त लाल
लाली देखन मैं गई, मैं भी हो गई लाल ।

बदन पर लिपा तो न था,
रंग बेरहम कहाँ से लग गया,
नयनों से सन गया,
बदन धोखेबाज, ठग गया,
रक्त भर भर आंखों में,
पलकों से लगाया,
अन्दर बहा, बाहर सना,
अन्दर बाहर एक हुई मैं, जैसे रही न खाल।
लाली देखन मैं गई, मैं भी हो गई लाल ।

अंग का जैसे दाना-दाना,
बुने है नया ताना-बाना,
लहराती थी मनचली थी,
जब नयनों की गाथा न चली थी,
रंगा अपने रंग में उसने,
थी काली उसकी चाल,
लाली देखन मैं गई, मैं भी हो गई लाल ।

अकेले में दोहराती हूँ,
बातें उसकी मिसरी सी,
सरफिरी सरफिरी सरफिरी
सरफिरी सरफिरी ... सरफिरी सी
एक डोर पे जैसे घूमे लट्टू,
ऐसी मलंगी चाल,
लाली देखन मैं गई, मैं भी हो गई लाल ।

काश कभी ऐसा पल आता,
रंग मेरा उस पर चढ़ जाता,
रूप मेरा बाँध बनाता,
रूप मेरा तोड़ जाता,
मुझ से परे वो रह न पाता,
'तू' कह वो मुझसे कह न पाता,
मैं बुनती, वो फँस जाता,
मेरे शब्द वो कह जाता, ऐसा अघोरी जाल,

लाली मेरे लाल की, जित्त देखूं उत्त लाल
लाली देखन मैं गया, मैं भी हो गया लाल ।

लाली देखन मैं गया... मैं गया... मैं गया...
मैं भी हो गया लाल!

Tuesday, June 23, 2009

दुकान

निकल पड़े हैं दुकान लिए ।

सब कुछ बिकाऊ है,
सुंदर है, सस्ता टिकाऊ है,
एक तरफ़ है कथा का बक्सा,
दूसरे में है व्यथा का चस्का,
रखे हैं सारे एहसास मरतबानों में,
कहानी और किस्से, भरे पड़े खानों में,
रोमांचक मोडों का, उधर बीच में, अम्बार है,
बहार लगी किरदारों की कतार है,
हाथों में सबकी जान लिए,
निकल पड़े हैं दुकान लिए ।

छोटी छोटी बोतलों में भरी, कहानी मिलेगी,
बस यूँ थाली में डालो, खोयी जवानी मिलेगी,
बोरियां भर भर राखी हैं रिश्तों से,
चलो निभाते रहना किश्तों में,
आते जाते खाने वाला सामान, सामने शीशियों में रखा है,
पकाने के बाद, हथेली पे ले, सब कुछ चखा है,
ग्राहक को अपना भगवान लिए,
निकल पड़े हैं दुकान लिए ।

कहने को दुकान है, हर तरह का सामान है,
चाय की पत्ति से लेकर, चुस्कियों के आनंद तक,
सपनों के डेरे,
सच्चाई के घेरे,
अरमान चढाये चूल्हे पर, पक जायंगे तो स्वाद देंगे,
आज को आज, कल को याद देंगे,
कागज़ पर लिख हम सारी फरियाद देंगे,
मुठी भर सपने, ५०० ग्राम अरमान लिए
निकल पड़े हैं दुकान लिए ।

Thursday, June 18, 2009

बेफिक्री

यह किस प्यारी हिफाज़त में हो, बेफिक्री की हालत है

बड़ी मज़बूत बाहों में हो सूरज की हरारत है,

तुम्हारे वास्ते तूफ़ान सह लें, मुस्कुराओ तुम

जियो हर लम्हा तुमको ज़िन्दगी पीने की आदत है.

बैठे हुए ही कन्धों पर, पकड़े हुए ये उँगलियाँ,

मुस्कान दे दें वसीहत में, रखा क्या नसीहत में

धुप घुली चेहरे पे, किरणों की शरारत है,

जियो हर लम्हा तुमको ज़िन्दगी पीने की आदत है.

पहियों से कदम मिलाना, ऊंघते सपने सहलाना,

नज़र भर नज़ारा सौंप देना, नज़र भर अपनाना,

रहे एहसास बन कर तो, रगों में ही जन्नत है,

जियो हर लम्हा तुमको ज़िन्दगी पीने की आदत है.

Saturday, June 13, 2009

भाप

खिड़की के कांच पर भाप जमी थी ।

बाहर का मौसम गर्म था, नम था,
अन्दर बर्फ पड़ी थी,
कोई कहानी, पन्नों पर बिखरने को,
हर्फ़ हर्फ़ लड़ी थी,
सच्चाई निकलती कैसे,
उम्मीदें रस्ते में खड़ी थी,
अन्दर घुसने को आंसू बन,
खिड़की के कांच पर भाप जमी थी ।

नज़र को छान रही थी,
मन में ठान रही थी,
आंधी का जज़्बा लिए,
ऊंघती सी, जैसे थमी थी,
खिड़की के कांच पर भाप जमी थी ।

Thursday, May 21, 2009

दो नैना

दो नैना इक कहानी ।

मैं ही हर किरदार हूँ,
मैं ही सूत्रधार,
हर मोड़ का रोमांच मैं,
हर छोटी बात की आंच मैं,
मैं ही रावण, राम मैं ही,
मैं ही रास्ता, मुकाम मैं ही,
मैं ही संजीदगी, मैं ही रवानी।
दो नैना इक कहानी ।

काला चाँद आंखों में है,
आंसूओं के काफ़िले लाखों में हैं,
पलकों को नाज़ नही इन पर,
हर दूसरे पल छिपाती रहती है,
वही संवाद है, सारा विवाद है,
अंत है शुरुआत, कहानी उसके बाद है,
एक गलती, उम्र भर निभानी,
दो नैना इक कहानी ।

इनके दायरे में चली,
इनकी ज़िन्दगी के साथ पली,
उसकी यादों को सींचेंगी,
मेरे लिए भी, उसके लिए भी,
चेहरे का आईना,
लम्होंकी निशानी,
दो नैना इक कहानी ।

नींद को पालती है,
ताकि ख्वाब पलते रहें,
उसके मिलन के सिलसिले,
ता-उम्र चलते रहें,
रिश्ता रहे उससे, सूरत सुहानी,
दो नैना इक कहानी ।

मैं इन्हें दोष देती रही,
अब सब सही लगता है,
झूठ कहते हैं शायर सब,
नैनों से कहाँ कोई ठगता है,
उसकी आँखें, इन्हें ढूँढती आ जाती,
रुक जाती, ठहर, बंध जाती,
यही धर्म, यही जाति,
नए एहसास, गाथा पुरानी,
दो नैना इक कहानी ।

Friday, May 8, 2009

शाम

शाम पड़ी है बिस्तर पर ।

जाती हुई किरणें जला गई,
सारा बदला चुका गई,
ज़ख्म सारे हैं लाल लाल,
गहरा वार हुआ है जैसे सर पर,
और अब शाम पड़ी है बिस्तर पर ।

अब जनाज़ा निकलेगा,
सारा गुनाह भी निकलेगा,
हर याद बनी है फफोला,
चमड़ी के नीचे जैसे हो पानी भरा,
पर ये फफोले न फूटेंगे,
अब हर रोज़, इस वक्त, साए न रूठेंगे,
कल की सोच देती है डर,
अब शाम पड़ी है बिस्तर पर ।

बुझी सी यूँ भी रहती थी,
सिर्फ़ सुनती, कुछ न कहती थी,
मन की सारी आग बुझा देती थी,
और आज ख़ुद ही जली पड़ी है,
अम्बर की चादर का लेप मली पड़ी है
छूने से अब इसको मैं भी डरता हूँ,
साथ में, चुप चाप, मैं भी मरता हूँ,
हर घाव बना है नश्तर,
शाम पड़ी है बिस्तर पर ।

कल नया सूरज जब आएगा,
अकेला वापस जाएगा
मलाल रहेगा उम्र भर,
काम करेगा अपने सब्र पर,
उगलेगा यूँ ही आग पर ।

चाँद का फकत इंतज़ार है,
खुली हैं आँखें, आंसूओं का गुबार है,
देखेगी उसको एक नज़र भर,
शाम पड़ी थी बिस्तर पर ।

तस्सल्ली

अब तस्सल्ली देना बहुत हुआ ।

कितनी बार इसे प्यार कह झुठलाया है
हर गलती का ज़िम्मा उठाया है,
कितनी बार हालात को दोषी ठहराया है,
कभी उसकी नज़रों से, कभी ख़ुद की,
ख़ुद को आजमाया है,
अब ये गोरख धंधा बहुत हुआ,
अब तस्सल्ली देना बहुत हुआ ।

ज़ुल्म के ज़ौक में यहाँ तक तो,
घसीट लाया हूँ नब्ज़ मैं,
फ़ुर्कत-ऐ-हयात के हाल को,
पर दे न पाया लफ़्ज़ मैं,
ख़ुद पर तरस खाता तो गुरूर मात खाता,
फिर एक बार अब्र,
अँधेरा कर जाता,
ये काला मेला बहुत हुआ,
अब तस्सल्ली देना बहुत हुआ ।

Friday, May 1, 2009

राख

जला मत राख कर दे ।

इस राह पर चलते चलते जलने लगे हैं तलवे,
उफान आ चला है साँसों में,
उबाल आ चुका आंसूओं, आंखों में,
अर्पण कर, समर्पण कर,
आंच है भस्म कर, पाक़ कर दे।
जला मत राख कर दे ।

कैफ़ पा चुका है इश्क
रूह को है इत्मीनान अब,
किसी की मय्यत पर अब खुशी नही होती,
किसी के अश्कों पर अब आँखें नही रोती,
बहुत बुरा है, ले बदला, ख़ाक कर दे,
जला मत राख कर दे ।

Sunday, April 26, 2009

जश्न - ऐ - मातम

क्यूँ एकाएक दुश्मन सा ये ग़म लगता है,
मन्नतों का असर कम लगता है ।

पेशानी की झुर्रियों में अक्सर,
कहीं दफ्न रह जाता है जुनूँ,
जब दर्द हद से गुज़रे,
तो बन जाता है सुकूँ,
नसों में दौड़ता रहता है,
चेहरा हूबहू खूँ
पर आया इस धोखे में कोई ख़म लगता है,
मन्नतों का असर कम लगता है ।

इसे खुशियों से ज़्यादा पाला है,
प्यार से सर पे हाथ फेरा,
मासूम समझ हवा में उछाला है,
मेहमान सा आया था, घर कर गया,
इतना डर दिया, के निडर कर गया,
मगर आज क्यूँ ये डर बेरहम लगता है,
मन्नतों का असर कम लगता है ।

उसी का छोड़ा है,
उसी सा मग़रूर है,
बस येही है जो उसके बाकी में,
दिल को मंज़ूर है,
कहने को तो इसके,
अशआर बड़े मशहूर हैं,
पर उन में वज़न आज कुछ कम लगता है,
क्यूँ एकाएक दुश्मन सा ये ग़म लगता है,
मन्नतों का असर कम लगता है ।

एक हिस्सा दिया था इसको,
आज ख़ुद हिस्सों में हूँ,
एक हर्फ़ छेड़ा था इस पर,
आज सब किस्सों में हूँ,
पहले फ़क़त सावन में निकलता था,
अब तो साल भर येही मौसम लगता है,
क्यूँ एकाएक दुश्मन सा ये ग़म लगता है,
मन्नतों का असर कम लगता है ।

सजदे अब और न करूंगा,
आयतें और न पढूंगा,
इस बार जीत जाने दूँगा इसे,
दुश्मन समझ और न लडूंगा,
अब शुरू ये जश्न - ऐ - मातम लगता है
क्यूँ एकाएक दुश्मन सा ये ग़म लगता है,
मन्नतों का असर कम लगता है ।

Thursday, April 23, 2009

एक बार

एक बार की बात है ।

जूझ रही थी एक लौ,
हवाएं चलीं थीं सौ,
दो हाथ आए ढकने को,
पर लौ थी मग़रूर,
लहराई और जला डाली दोनों हथेलियाँ,
बड़ी तेज़ थी अटखेलियाँ,
अब नंगी खड़ी थी,
एक बार की बात है,
एक लौ आँधियों से लड़ी थी ।

पहले झोंके से झुक कर, निकली बचके,
दूजे को तो गाल पर दिया तमाचा धर
तीजे को घूरा यूँ, मन में बसाया डर,
चौथे को मारी लंगडी, गिरा वो मुंह के बल,
छुपी पाँचवे से, वो गुज़र गया,
ज़ंग में जायज़ है छल,
छठे के सामने अब फैसले की घड़ी थी,
एक बार की बात है,
एक लौ आँधियों से लड़ी थी ।

मनघडंथ नही ये सच है,
लौ का जज़्बा उसका कवच है,
पटक पटक के हवा को मारती है,
मटक मटक के बगल से निकालती है,
मशालों को दिखलाती है सपने बड़े बड़े वो,
हारना तो है ही,
तो क्यूँ न डट के लड़े वो ?
इसी लिए तो हवा मशालों का साथ देती है,
क्यूंकि उस से एक लौ, कभी जी जान से लड़ी है ।

Tuesday, April 21, 2009

रक्स - ऐ - बिस्मिल

यार को हमने जा बा जा देखा

कभी ज़ाहिर कभी छुपा देखा


हमसे अलग हो कर बिखर गया है,

उसे कभी यहाँ तो कभी वहां देखा ।


मिल गया जवाब के क्यूँ मनाया नही हमें,

आज उसे हमने ख़ुद से खफा देखा ।


The first couplet is from Raqs-e-bismil. But i have written my (harsh) version of it.

A beautiful version shall follow.